दिल्ली में जनकपुरी स्थित डॉ. बी. आर. अंबेडकर सीएम श्री स्कूल में अत्याधुनिक स्टैम लैब का उद्घाटन किया गया। दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने इस अत्याधुनिक स्टैम लैब का उद्घाटन किया। वहीं इस अवसर पर मंत्री ने दिल्ली सरकार की विद्या वाहिनी योजना के अंतर्गत कक्षा 9 की 32 छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें भी वितरित कीं। इस दौरान क्रिकेटर शिखर धवन भी मौजूद रहे।
स्टैम शिक्षा कार्यक्रम संचालित
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली सरकार और शिखर धवन फाउंडेशन के सहयोग से स्टैम शिक्षा कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत यह दूसरी लैब स्थापित की गई है। मंत्री आशीष सूद ने कहा कि हमारी सरकार नहीं चाहती कि दिल्ली के बच्चों की शिक्षा सिर्फ कक्षाओं और किताबों तक सीमित रहे। हम चाहते हैं कि बच्चे केवल पढ़ें ही नहीं, बल्कि सोचें, सवाल पूछें, प्रयोग करें, असफलताओं से सीखें, दोबारा प्रयास करें और अंततः नई खोज करें।
छात्रों के लिए ‘सपनों की प्रयोगशाला’
इसके साथ ही शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि यह लैब छात्रों के लिए ‘सपनों की प्रयोगशाला’ साबित होगी। जहां सरकारी स्कूलों के बच्चे रटने की परंपरा से आगे बढ़कर व्यावहारिक ज्ञान, तकनीकी कौशल और नवाचार की क्षमताएं विकसित कर सकेंगे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य विद्या वाहिनी योजना के अंतर्गत कक्षा 9 की लगभग 1.40 लाख छात्राओं को साइकिलें उपलब्ध कराना है। इनमें से लगभग 20,000 साइकिलें पहले ही वितरित की जा चुकी हैं।











