दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने युवाओं, शोधकर्ताओं और उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। सीएम रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में पिछली कैबिनेट बैठक में गो-दिल्ली फाउंडेशन के गठन को मंजूरी दी गई है। बता दें कि इस फाउंडेशन के लिए 50 करोड़ रुपये की प्रारंभिक बजट राशि मंजूर की गई है। जिसका उद्देश्य नए विचारों को व्यावहारिक उत्पादों में बदलने, स्टार्टअप को बाजार तक पहुंचाने, निवेश आकर्षित करना है। इसके साथ ही रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए एकीकृत सहयोग उपलब्ध कराना है।
करीब 21 हजार स्टार्टअप
दिल्ली में उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग से मान्यता प्राप्त करीब 21 हजार स्टार्टअप हैं। ऐसे में रेखा गुप्ता सरकार का लक्ष्य इन स्टार्टअप के साथ शैक्षणिक संस्थानों, शोधकर्ताओं, उद्योग जगत और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को साझा मंच उपलब्ध कराना है।
उद्यमियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार, इन फाउंडेशन के माध्यम से उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। जिनमें उत्पाद इंजीनियरिंग, प्रोटोटाइप निर्माण, प्रयोगशाला और परीक्षण सुविधाएं शामिल हैं। दिल्ली सरकार का उत्पादों के परीक्षण और प्रमाणन की तैयारी से लेकर बाजार में उतारने तक सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।











