मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल निवास में ‘सेवा-संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की। इस समीक्षा बैठक में वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। सीएम मोहन यादव ने इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान का आयोजन प्रदेश के प्रत्येक ग्राम एवं नगर स्तर पर अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करते हुए उत्साहपूर्वक किया जाए।
अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारियां तय
इसके साथ ही सीएम मोहन यादव ने अधिकारियों को कहा कि, “सभी कार्यक्रमों की पूर्व तैयारी के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारियां तय कर प्रभावी मॉनीटरिंग सुनिश्चित करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों के प्रत्येक वार्ड में शाम 7 बजे एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।”
विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ
सीएम मोहन यादव ने कहा कि, “अभियान के अंतर्गत ‘सेवा सेतु’ मेगा शिविरों की विकासखंडवार और जोनवार तैयारी कर ज्यादा से ज्यादा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाएं। विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभागियों के आवागमन, भ्रमण एवं भोजन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित की जाएं। इस आयोजन में अधिक से अधिक लाभार्थी परिवारों, संस्थाओं एवं नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने और मध्यप्रदेश को दीप प्रज्ज्वलन में विश्व रिकॉर्ड बनाने की दिशा में प्रयास करने के निर्देश भी दिए।”











