मध्य प्रदेश सरकार के “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान की शुरुआत ही बेहद चौंकाने वाली हुई। इस अभियान के पहले ही दिन मैहर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया। जिसके तहत 205 कफ सिरप की शीशियां और 5 लाख 98 हजार रुपये नकद जब्त किए गए हैं।
वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ी खेप
दरअसल रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। जिसके अंतर्गत पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक गाड़ी को रोक और उसकी तलाशी ली। गाड़ी की तलाशी के दौरान कफ सिरप और नकद राशि बरामद की गई। जिसे लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है की क्या इसके पीछे कोई संगठित तस्करी नेटवर्क सक्रिय है।
बरामद नकदी बनी जांच का विषय
बता दें की पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में जिलेभर में संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। इसी अभियान के दौरान मिली यह सफलता पुलिस की प्रभावी कार्रवाई का परिणाम मानी जा रही है। तलाशी के दौरान बरामद हुई 5.98 लाख रुपये की नकदी अब जांच का विषय बन गई है। अधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में अंतिम निष्कर्ष विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएंगे।
पूरे नेटवर्क का होगा खुलासा?
फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है की कफ सिरप की खेप कहां से लाई गई थी, इसे कहाँ पहुंचाया जाना था और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से राज्य सरकार के नशा विरोधी अभियान को मजबूती मिली है।











