प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान पीएम मोदी चारधाम के श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात दे सकते है। बता दें कि चारधाम यात्रा के लिए बेहद महत्वपूर्ण रुद्रप्रयाग बाईपास परियोजना के दूसरे चरण का निर्माण कार्य आखिरकार पूरा हो गया है। करीब एक महीने पहले निर्माण कार्य पूरा होने और पुल का लोड टेस्टिंग समेत आवश्यक तकनीकी परीक्षण संपन्न होने के बाद अब परियोजना को विधिवत शुरू किए जाने का इंतजार है।
आधिकारिक रूप से अंतिम फैसला नहीं
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संभावित केदारनाथ-बदरीनाथ दौरे के दौरान 20 से 25 अक्टूबर के बीच बाईपास का उद्घाटन कर सकते है। हालांकि, प्रधानमंत्री के कार्यक्रम और उद्घाटन को लेकर अभी आधिकारिक रूप से अंतिम फैसला नहीं हुआ है। बाईपास परियोजना के दूसरे चरण के तहत करीब 900 मीटर लंबी सुरंग और अलकनंदा नदी पर लगभग 190 मीटर लंबे मोटर पुल का निर्माण किया गया है। इस सुरंग के अंदर सड़क निर्माण के साथ विद्युत व्यवस्था, वेंटिलेशन, सुरक्षा उपकरण और अन्य जरूरी काम पूरे किए जा चुके हैं। वहीं पुल का निर्माण भी पूरा हो चुका है और विभागीय स्तर पर इसका लोड टेस्टिंग और अन्य तकनीकी परीक्षण किए जा चुके हैं।
निर्माण कार्य पूरा
इस परियोजना को पूरा करने में निर्धारित समय से काफी ज्यादा समय लगा है। बता दें कि सरकार की ओर से पहले इसे साल 2025 की चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले तैयार करने का लक्ष्य रखा गया था। जिसके बाद सितंबर 2025, फिर साल 2026 की चारधाम यात्रा से पहले और 15 अगस्त 2026 तक बाईपास खोलने की समयसीमा बताई गई। बाद में विभाग ने 31 अगस्त 2026 तक कार्य पूरा करने की नई समयसीमा तय की, जिसके बाद निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया।












