उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर जिले में आयोजित शिक्षक सम्मेलन में शिरकत की। यह सम्मेलन गोरखपुर-फैजाबाद ब्लॉक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य चुनाव के लिए BJP उम्मीदवार के समर्थन में आयोजित किया गया था। सीएम योगी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षकों से अपील की वे BJP उम्मीदवार को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाएं।
सीएम योगी ने किया संबोधित
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि, “सरकार उस दिशा में कदम उठाने में संकोच नहीं करेगी, जो शिक्षकों और राज्य कर्मचारियों के हितों के लिए फायदेमंद होंगे। सरकार शिक्षकों और राज्य कर्मचारियों की हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
पूर्व सरकारों पर निशाना
सीएम योगी ने पूर्व सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि, “जब हम 2017 में आए, तो राज्य में शिक्षकों के डेढ़ लाख से ज़्यादा पद खाली थे। हमने नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की और सभी के लिए निष्पक्ष चयन सुनिश्चित किया। समाजवादी लोग शिक्षा आयोग में अपने सभी रिश्तेदारों को भर देते थे पैसे के बदले चयन किए जाते थे।”
समाजवादी पार्टी पर कसा तंज
मुख्यमंत्री ने कहा कि, “अगर समाजवादी पार्टी यह कहती है कि उसकी सरकार के सत्ता में आने पर शांति और अमन-चैन आएगा, शांति और सुरक्षा होगी, तो यह बिल्कुल वैसा ही है जैसे कोई मगरमच्छ नदी के किनारे आकर यह उपदेश दे कि उसने अब शिकार करना छोड़ दिया है। समाजवादी पार्टी के लोग नंबर-1 धोखेबाज़ और झूठे हैं। जिन्होंने राम मंदिर का विरोध किया और राम भक्तों पर गोलियां चलाईं, वे आज कालनेमि की तरह राम का नाम जप रहे हैं।”












