उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टैक्सी चालकों और किसानों के लिए बड़ी सौगात दी है। सीएम योगी ने भारत टैक्सी और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का भव्य शुभारंभ किया है। जिसके बाद अब भारत टैक्सी से टैक्सी, टू व्हीलर और थ्री व्हीलर चालक रजिस्ट्रेशन के साथ जीरो कमीशन पर जुड़ सकेंगे। इसके साथ ही उन्हें पांच लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा भी मिलेगी। वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत एलडीबी से किसानों को मिलने वाले ऋण की ब्याज दर 11 से घटाकर अब छह प्रतिशत कर दी गई है।
’16 में से 15 बैंक फिर से मुनाफ़ा कमाने लगे’
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम को भी संबोधित किया। सीएम योगी ने कहा कि सहकारिता की कमान किन हाथों में है, उसी पर उसकी सफलता निर्भर करती है। आजादी के बाद पहली बार देश में अलग सहकारिता मंत्रालय बना और अब इसके परिणाम सामने आ रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा, “2017 की शुरुआत तक, सहकारी बैंक बंद हो चुके थे और उनके लाइसेंस ज़ब्त कर लिए गए थे। इन बैंकों के पास किसानों के हज़ारों करोड़ रुपये जमा थे। आज, उन 16 में से 15 बैंक फिर से मुनाफ़ा कमाने लगे हैं।”
पांच लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि टैक्सी, टू व्हीलर और थ्री व्हीलर चालकों के बारे में पहले कोई नहीं सोचता था। लेकिन अब इस कार्यक्रम के बाद वे रजिस्ट्रेशन के साथ जीरो कमीशन पर भारत टैक्सी का हिस्सा तो बनेंगे ही, इसके साथ ही पांच लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा पाएंगे। सामाजिक सुरक्षा मिलने से चालक निश्चिंत होकर जिम्मेदारी के साथ अपना काम कर सकेगा।
‘यह पूरे भारत की टैक्सी’
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत टैक्सी सिर्फ यात्रियों को ढोने वाली टैक्सी नहीं है। यह पूरे भारत की टैक्सी है, जो भारत की गति को प्रगति में बदलने का काम करेगी। सीएम योगी ने बताया कि लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज में इसका संचालन शुरू किया गया है। वहीं लखनऊ एयरपोर्ट, लखनऊ मेट्रो और लखनऊ पुलिस समेत विभिन्न संस्थाओं के साथ एमओयू भी हुए हैं।
पूर्व सरकारों पर हमला
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “पिछली सरकारों के एजेंडे में अन्नदाता किसान शामिल नहीं थे। डबल-इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश में अन्नदाता किसानों की आय कई गुना बढ़ाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न को आगे बढ़ाया है।”












