महात्मा गांधी जयंती पर योगी सरकार की सौगात, प्रदेश के 341 गांवों के प्रत्येक घर में नल से पेयजल आपूर्ति शुरू

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने महात्मा गांधी जयंती पर जनता को बड़ी सौगात दी है।

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने महात्मा गांधी जयंती पर जनता को बड़ी सौगात दी है। प्रदेश के 341 गांवों के प्रत्येक घर में नल से पेयजल आपूर्ति शुरू होगी। राज्य सरकार की इस सौगात के बाद लोगों को प्रदूषित पानी की समस्या से राहत मिलेगी। इसके साथ ही पानी के लिए घर से बाहर जाने की जरूरत भी कम होगी। बता दें कि अभी प्रदेश के 38,281 गांवों में हर घर तक नल से पानी पहुंच रहा है, जबकि 28,385 गांवों में यह कार्य अंतिम चरण में है।

नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाने पर जोर
उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता और ग्राम स्वराज को प्राथमिकता दी थी। इसी दिशा में इस बार गांधी जयंती पर 341 गांवों में पेयजल आपूर्ति की शुरुआत की गई है। राज्य सरकार का फोकस हर ग्रामीण परिवार तक नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाने पर है। इसके साथ ही सरकार यह भी सुनिश्चित कर रही है कि घर में पानी पहुंचने से महिलाओं और बेटियों का समय और श्रम बचे और बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर अवसर मिलें।

क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत जारी
वहीं इस कार्य को करने के दौरान पाइपलाइन बिछाने के समय क्षतिग्रस्त हुई ग्रामीण सड़कों की मरम्मत और पुनर्स्थापना के लिए भी प्रदेश में अभियान चलाया जा रहा है। ऐसी सड़कों को चिह्नित कर मरम्मत कराई जा रही है। अगर किसी गांव में पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं हुई है तो ग्रामीण जल सारथी ऐप पर सड़क की फोटो और वीडियो अपलोड कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़

टॉप स्टोरीज़