उत्तर प्रदेश की योगी सरकार आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। इसी बीच चुनाव से पहले राज्य सरकार ने एक्सप्रेसवे और औद्योगिक परियोजनाओं को रफ्तार देने के लिए टेंडर प्रक्रिया की तारीखें तय कर दी हैं। दरअसल मुख्य सचिव एसपी गोयल ने प्रोजेक्ट मॉनीटरिंग ग्रुप की बैठक की। इस बैठक के दौरान एक्सप्रेसवे, औद्योगिक कारिडोर, औद्योगिक क्लस्टर समेत प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव के अधिकारियों को निर्देश
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाए। इसके अलावा विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा गया। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को कहा कि तय समयसीमा में काम पूरा किया जाए।
15 अक्टूबर तक समय सीमा तय
इसी बीच मुख्य सचिव एसपी गोयल ने फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे समेत चार परियोजनाओं के टेंडर 15 अक्टूबर तक अंतिम करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे के लिए 30 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मेरठ-हरिद्वार लिंक, विंध्य एक्सप्रेसवे और विंध्य पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के टेंडर 30 नवंबर तक अंतिम रूप देने की समयसीमा तय की गई है। फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे, आगरा-लखनऊ-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे, झांसी लिंक एक्सप्रेसवे और जेवर लिंक एक्सप्रेसवे के टेंडर की समय सीमा 15 अक्टूबर तय की गई है।











