उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्रदेश के करीब 60 हजार ग्राम प्रहरियों को बड़ी सौगात देने जा रही है। बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 13 अक्टूबर को बरेली में एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। जहां ग्राम प्रहरियों का मानदेय एक हजार रुपये प्रतिमाह बढ़ाने की बड़ी घोषणा करेंगे। मुख्यमंत्री योगी बरेली पुलिस लाइन में ग्राम प्रहरियों को सम्मानित भी करेंगे।
ग्राम प्रहरियों का बढ़ेगा मासिक मानदेय
बता दें कि सीएम योगी की घोषणा से ग्राम प्रहरियों का मासिक मानदेय 2500 से बढ़कर 3500 रुपये हो जाएगा। एकमुश्त 40 प्रतिशत की इस बढ़ोतरी से प्रत्येक ग्राम प्रहरी को सालाना 12 हजार रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। हाल के महीनों में रसोइयों, आंगनबाड़ी कर्मियों और पंचायत सहायकों का मानदेय बढ़ाने के बाद अब सरकार ग्रामीण पुलिस व्यवस्था से जुड़े ग्राम प्रहरियों को आर्थिक राहत देने जा रही है।
पुलिस के सूचना तंत्र की अहम कड़ी
गौरतलब है कि गृह विभाग से जुड़े ग्राम प्रहरी गांवों में पुलिस के सूचना तंत्र की अहम कड़ी माने जाते हैं। स्थानीय थानों से संबद्ध ये प्रहरी ग्रामीण क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों, आपसी विवादों और कानून व्यवस्था से जुड़ी सूचनाएं तुरंत पुलिस तक पहुंचाते हैं। वहीं ग्राम प्रहरी लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग कर रहे थे। जिसके बाद अब योगी सरकार इस मांग को पूरा कर उन्हे आर्थिक राहत देने जा रही है।












