राजस्थान सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। राज्य सरकार ने 18 IPS अधिकारियों का तबादला किया है। जिसे लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है। इसके तहत महानिदेशक (डीजी) रैंक के दो अधिकारियों के साथ-साथ जोधपुर पुलिस आयुक्त और अजमेर और भरतपुर रेंज के IG को भी बदल दिया गया है।
चार जिलों में नए एसपी नियुक्त
वहीं अब चार जिलों में नए एसपी नियुक्त किए जाएंगे। बालोतरा एसपी का भी तबादला कर दिया गया है। जो रिफाइनरी दुर्घटना के दौरान सुर्खियों में आए थे। उन्हें फील्ड पोस्टिंग से हटा दिया गया है। वहीं, जोधपुर कमिश्नर को पांच महीने से भी कम समय में बदल दिया गया है।
किन अधिकारियों के तबादले?
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी मालिनी अग्रवाल को महानिदेशक के पद पर नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे महानिदेशक और होम गार्ड्स की कमांडेंट जनरल थीं। इसके अतिरिक्त, प्रदीप मोहन शर्मा का तबादला इंटेलिजेंस ट्रेनिंग अकादमी (जयपुर) से जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के पद पर किया गया है।
दो प्रमुख रेंजों के IG के पदों में बदलाव
अनुष्ठा कालिया का तबादला एएसपी और डीसीपी के पद से जयपुर पुलिस आयुक्त कार्यालय में कर दिया गया है। तबादलों की सूची में दो प्रमुख रेंजों के महानिरीक्षकों (आईजी) के पदों में भी बदलाव शामिल हैं। अजमेर रेंज के आईजी राजेंद्र सिंह का तबादला जयपुर में आईजी (सतर्कता) के पद पर किया गया है। भरतपुर रेंज के आईजी कैलाश चंद बिश्नोई का तबादला जयपुर में आईजी (पुलिस आधुनिकीकरण और कल्याण) के पद पर किया गया है।











