ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट एंट्रेंस टेस्ट 2026 में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने परीक्षा की प्रोविजनल आंसर की जारी कर दी है। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार अब अपने उत्तरों का मिलान आंसर की से कर सकते हैं। और किसी उत्तर पर आपत्ति होने की स्थिति में ऑनलाइन चुनौती भी दर्ज करा सकते हैं।
5 सितंबर 2026 तक दर्ज होगी आपत्ति
आंसर की पर आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया 3 सितंबर से शुरू हो गई है। बता दें कि यह प्रक्रिया 5 सितंबर 2026 की रात 1159 बजे तक चलेगी। उम्मीदवारों को निर्धारित समय सीमा के अंदर ही अपनी चुनौती दर्ज करानी होगी। वहीं इसके लिए प्रत्येक प्रश्न पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए उम्मीदवार को 200 रुपये का शुल्क देना होगा। चुनौती का शुल्क भी 5 सितंबर की रात 1159 बजे तक जमा करना अनिवार्य है। निर्धारित समय के बाद किसी भी चुनौती को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आधिकारिक पोर्टल पर देखें आधिकारिक पोर्टल
बता दें कि उम्मीदवार ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट एंट्रेंस टेस्ट के आधिकारिक पोर्टल के जरिए प्रोविजनल आंसर की देख सकते हैं। उम्मीदवार ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। आपत्ति दर्ज करने के लिए उम्मीदवारों को संबंधित प्रश्न और उसके उत्तर के संबंध में अपने दावे के समर्थन में आवश्यक जानकारी उपलब्ध करानी होगी। जिसके बाद प्रोविजनल आंसर की पर उम्मीदवारों से प्राप्त चुनौतियों की समीक्षा संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा की जाएगी। समीक्षा के बाद एनटीए फाइनल आंसर की जारी करेगा। इसके आधार पर ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट एंट्रेंस टेस्ट 2026 के परिणाम तैयार किए जाएंगे।












