उत्तर प्रदेश सरकार ने शनिवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। राज्य सरकार ने 13 पीसीएस अफसरों का स्थानांतरण किया है। इसके तहत अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, नगर निगम और विभिन्न विभागों में तैनात अधिकारियों को नई तैनाती देते हुए जल्द कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गये हैं।
क्या जिम्मेदारी सौंपी?
इन तबादलों में पवन कुमार को प्रधान प्रबंधक उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ से हटाकर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), कुशीनगर और दिनेश को अपर जिलाधिकारी (नगर), अयोध्या बनाया गया है। इससे पहले वो मऊ जिले में मुख्य राजस्व अधिकारी का पदभार संभाल रहे थे। वहीं मथुरा नगर निगम के अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह को अपर जिलाधिकारी (नगर), कानपुर नगर की जिम्मेदारी दी गई है।
किन अधिकारियों के तबादले?
इसके अलावा कानपुर नगर के अपर जिलाधिकारी (नगर) आलोक कुमार गुप्ता को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कासगंज बनाया गया है। चित्रकूट के अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अरुण कुमार को संयुक्त निदेशक (प्रशासन), मत्स्य निदेशालय भेजा गया है। मथुरा की उप जिलाधिकारी कंचन को अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चित्रकूट एवं उपसंचालक चकबंदी का जिम्मा सौंपा गया है। सूरज कुमार यादव को विशेष कार्याधिकारी राजस्व परिषद लखनऊ से अपर नगर आयुक्त, सहारनपुर और जितेंद्र कटियार को उपजिलाधिकारी प्रतापगढ़ से उपनिदेशक (प्रशासन), आयुर्वेद निदेशालय बनाया गया है।












