असम सरकार ने राज्य में उच्च शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाया है। राज्य सरकार ने उच्च शिक्षा क्षेत्र में मजबूती और निजी निवेश को आकर्षित करने के महत्वपूर्ण नीतिगत सुधारों को मंजूरी दी है। इन बदलावों के तहत निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना प्रक्रिया को आसान बनाया गया है, जिससे राज्य में शिक्षा क्षेत्र में निजी भागीदारी को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया कि राज्य मंत्रिमंडल ने ऐसे सुधारों को मंजूरी दी है, जिनसे प्रतिष्ठित निजी संस्थानों के लिए असम में निवेश करना बहुत आसान होगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य राज्य की क्षमता का बेहतर उपयोग करके गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा तक पहुंच को बढ़ाना है और इसके लिए निजी क्षेत्र के साथ साझेदारी को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
नई नीति के तहत सरकार ने कई अहम बदलाव किए हैं, जिनमें भूमि और फंड की शर्तों में ढील दी गई है। इन बदलावों के मुताबिक निजी विश्वविद्यालयों के लिए न्यूनतम भूमि आवश्यकता को तर्कसंगत बनाने के साथ एंडोमेंट फंड की अनिवार्य सीमा को कम करना है । इन सुधारों का उद्देश्य निवेशकों के लिए बाधाओं को कम करना और राज्य में उच्च शिक्षा संस्थानों की स्थापना को आसान बनाना है।
सरकारी अधिकारियों के अनुसार, इन नीतिगत परिवर्तनों से असम में एक मजबूत उच्च शिक्षा इकोसिस्टम विकसित होगा। इससे शिक्षा क्षेत्र में व्यापक बदलाव की उम्मीद है। नए शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना को बढ़ावा मिलेगा वहीं छात्रों के लिए अधिक कोर्स और शोध अवसर उपलब्ध होंगे ।
असम सरकार का यह कदम उस व्यापक रणनीति का हिस्सा है, जिसका लक्ष्य मानव संसाधन को मजबूत करना और राज्य को ज्ञान-आधारित अर्थव्यवस्था के रूप में विकसित करना है।
उल्लेखनीय है की पिछले कुछ सालों में असम में मेडिकल कॉलेजों, इंजीनियरिंग संस्थानों और विश्वविद्यालयों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। असम सरकार के ये सुधार राज्य में उच्च शिक्षा क्षेत्र को अधिक आकर्षक, आधुनिक और निवेश-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माने जा रहे हैं। सरकार को उम्मीद है कि इससे निजी निवेश बढ़ेगा और छात्रों को बेहतर शैक्षणिक अवसर प्राप्त होंगे।











