बिहार में पर्यटन को रफ्तार देने की दिशा में राज्य सरकार ने विभिन्न परियोजनाएं शुरू की हैं। इसी के तहत शनिवार को सीएम सम्राट चौधरी ने ‘मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026’ के तहत ‘पटना जॉय राइड’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर जॉय राइड पर जाने वाले पर्यटकों को टिकट दिए और योजना की औपचारिक शुरुआत की।
चार अभ्यर्थियों को बांटे प्रमाण पत्र
इसके बाद सीएम सम्राट चौधरी ने पटना हवाई अड्डा परिसर स्थित बिहार फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के नवनिर्मित हैंगर का उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम के दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने कमर्शियल पायलट लाइसेंस प्राप्त चार अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
हवाई दृश्य देखने का अवसर
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार का लक्ष्य है कि राज्य के युवा विमानन जैसे आधुनिक और संभावनाओं से भरपूर क्षेत्र में आगे बढ़ें। इसके साथ ही राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के माध्यम से पर्यटकों को बिहार के ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक स्थलों का हवाई दृश्य देखने का अनूठा अवसर मिलेगा।
योजना से निवेश आकर्षित होगा
सीएम ने कहा कि इससे राज्य में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही निवेश आकर्षित होगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा की बिहार फ्लाइंग इंस्टीट्यूट का नया हैंगर और हेली-टूरिज्म जैसी पहलें राज्य को विमानन और पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं से देश-विदेश के अधिक से अधिक पर्यटक बिहार की ओर आकर्षित होंगे।












