उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आधिकारिक आवास पर आयोजित यूपीसीएल (UPCL) और पिटकुल (PTCUL)की समीक्षा बैठक की। इस बैठक के दौरान सीएम धामी ने अधिकारियों को दोनों बिजली निगमों की वित्तीय स्थिति मजबूत करने, लंबित बकायों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने और वित्तीय चुनौतियों के समाधान के लिए एक प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
सीएम धामी के निर्देश
साथ ही मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को सरकारी विभागों की ओर से लंबित बिजली बिलों के भुगतान में तेजी लाने और अनुपूरक बजट में स्वीकृत राशि में से शेष लगभग 166 करोड़ रुपये यूपीसीएल को जारी करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही, सरकारी कार्यालयों और इमारतों में लगे स्मार्ट मीटरों को प्रीपेड मोड में बदलने के लिए जरूरी बजट, प्रशिक्षण और अन्य व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने को कहा गया।
लंबित मामलों को जल्द सुलझाने के निर्देश
इसके अलावा सीएम धामी ने अधिकारियों को उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच परिसंपत्तियों और देनदारियों के बंटवारे से जुड़े लंबित मामलों को जल्द सुलझाने, विकास कार्यों के भुगतान में तेजी लाने, और मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के तहत प्राकृतिक आपदाओं से संबंधित कार्यों के लिए लंबित धनराशि का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, उन्हें आगामी सर्दियों के मौसम में निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने और ऊर्जा निगमों की वित्तीय स्थिति में सुधार के लिए उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी ढंग से उपयोग करने का निर्देश दिया गया।












