दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर की जिसमें उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, “लोकतंत्र के नाम पर अराजकता का मंच सजाने वाले राहुल गांधी, कांग्रेस और INDI गठबंधन की असलियत देश देख रहा है। 1 नवंबर की तारीख देश भूला नहीं है। 1984 में इसी दिन दिल्ली की सड़कों पर सिखों के नरसंहार का भयावह अध्याय लिखा जा रहा था। हजारों निर्दोष सिख परिवारों के जख्म आज भी हरे हैं। और आज उसी तारीख को कांग्रेस रामलीला मैदान में लोकतंत्र बचाने का ढोंग कर रही है। यह राजनीतिक संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है।”
राहुल गांधी की राजनीति का मॉडल
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, “त्योहारों के इस मौसम में जब दिल्ली के व्यापारी, छोटे दुकानदार और रेहड़ी-पटरी वाले अपने परिवारों की खुशहाली के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, तब कांग्रेस अपनी राजनीतिक नौटंकी से दिल्ली की रफ्तार रोकने और उनके कारोबार को नुकसान पहुंचाने पर तुली है। पहले झूठ फैलाओ, फिर जनादेश को बदनाम करो, सड़कों पर अराजकता का माहौल बनाओ और अपनी राजनीतिक हताशा की कीमत देश और दिल्ली की जनता से वसूलो। यही राहुल गांधी की राजनीति का मॉडल बन चुका है।”
कांग्रेस को दो टूक
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, “कांग्रेस लोकतंत्र की दुहाई देकर 1984 का कलंक नहीं मिटा सकती। न ही जनता द्वारा बार-बार नकारे जाने की हताशा में दिल्ली के व्यापारियों की रोजी-रोटी को दांव पर लगा सकती है। राहुल गांधी याद रखें, जनादेश से मिली हार का बदला देश से और अपनी राजनीतिक नाकामी की कीमत दिल्लीवालों से नहीं वसूली जा सकती।”












