पौड़ी गढ़वाल में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। सीएम धामी ने जनता को संबोधित करते हुए विपक्ष को जमकर घेरा। सीएम धामी ने कहा कि, “एक ओर हमारी डबल इंजन सरकार उत्तराखंड को विकास, सुशासन और समृद्धि की राह पर आगे बढ़ाने के लिए दिन-रात काम कर रही है, वहीं कांग्रेस न्याय यात्रा के नाम पर प्रदेश में भ्रम, अराजकता और अव्यवस्था फैलाने की कोशिश कर रही है। प्रदेश में न्याय यात्रा निकालने से पहले कांग्रेस को अपने शासनकाल के भ्रष्टाचार, घोटालों और जनविरोधी कार्यों का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए।”
कांग्रेस पर साधा निशाना
सीएम धामी ने कहा कि, “अंकिता बहन के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंकने वाली कांग्रेस को यह नहीं भूलना चाहिए कि किसी पीड़ित परिवार का दर्द, राजनीतिक स्वार्थ पूरा करने का माध्यम नहीं हो सकता। SIR जैसी संवैधानिक प्रक्रिया पर बेबुनियाद भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करना और बांगलादेश की तर्ज पर अव्यवस्था का माहौल बनाने की कोशिश लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध है। कांग्रेस को समझना होगा कि उत्तराखंड की जनता को विभाजनकारी सोच और अराजकता नहीं, बल्कि विकास, रोजगार, सुशासन और प्रदेश का उज्ज्वल भविष्य चाहिए।”
श्रीनगर में निकाली पदयात्रा
वहीं इससे पहले श्रीनगर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत रोडवेज बस अड्डे से रामलीला मैदान तक पदयात्रा निकाली गई। इस पदयात्रा में स्थानीय नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की भी भागीदारी रही। सीएम धामी ने कहा कि “श्रीनगर की पावन धरती से इस अभियान का प्रदेशव्यापी शंखनाद हुआ है। पदयात्रा में उमड़ा जनसैलाब देवतुल्य जनता के उत्साह, उमंग और अपार स्नेह को दर्शाता है और यह स्पष्ट संदेश देता है कि देवभूमि की जनता अराजकता और नकारात्मक राजनीति को नकारते हुए विकास, सुशासन, शांति और प्रदेश के स्वाभिमान के साथ खड़ी है।”











