बिहार के भागलपुर में गंगा और कोसी की उफनती लहरों ने जमकर तबाही मचाई। बाढ़ के कारण कई लोगों के आशियाने डूब गए। बाढ़ प्रभावित परिवार इन जख्मों को कभी नहीं भूल सकते। राज्य सरकार ने बाढ़ प्रभावितों की रोजमर्रा की जिंदगी को फिर पटरी पर लाने की तैयारी कर ली है। बिहार की सम्राट चौधरी सरकार भारी तबाही झेलने वाले परिवारों के बैंक खातों में मिलने वाली आनुग्रहिक राहत राशि सीधे ट्रांसफर करेगी।
DBT के माध्यम से होगा भुगतान
बता दें कि आगामी 15 सितंबर को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी राज्य स्तर से एक क्लिक के जरिए DBT के माध्यम से भुगतान की शुरुआत कर सकते हैं। भागलपुर जिला प्रशासन ने इसे लेकर अपनी प्रशासनिक तैयारियां बेहद तेज कर दी हैं। जिले के 14 प्रखंडों की 92 पंचायतों अंतर्गत आने वाले 376 गांवों के कुल 1,47,170 प्रभावित परिवारों का प्रारंभिक डेटाबेस तैयार कर लिया गया है। वहीं जिला आपदा प्रबंधन शाखा ने सभी संबंधित अंचलों से 12 सितंबर तक हर हाल में अंतिम सूची समर्पित तैयार करने का कड़ा निर्देश दिया है।
जरूरतमंद प्रभावित परिवारों को मदद
भागलपुर प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी जरूरतमंद प्रभावित परिवार इस सरकारी सहायता से वंचित ना रह जाए। सत्यापन पूरा होते ही राहत राशि सीधे पीड़ितों के खातों में हस्तांतरित करने की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा। बता दें कि पिछले साल भी बाढ़ प्रभावित परिवारों को प्रति परिवार सात हजार रुपये की दर से अनुग्रह अनुदान दिया गया था।












