मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार का युवाओं के रोजगार पर फोकस, ‘मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना’ के तहत मिलेगा काम

मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार राज्य के ज्यादा से ज्यादा रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार राज्य के युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड ने ‘मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना’ के अंतर्गत 559 ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग पद उपलब्ध कराए हैं। सीएम मोहन यादव के नेतृत्व में युवाओं को रोजगार और स्व-रोजगार की व्यवस्था के लिए मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड का यह कदम बहुत अहम है।

युवाओं के लिए सुनहरा अवसर
बता दें कि जो भी युवा डिग्री, डिप्लोमा और अन्य निर्धारित शैक्षणिक योग्यता प्राप्त करने के बाद रोजगार के अवसर तलाश रहे हैं उनके लिए यह सुनहरा अवसर होने वाला है। युवा इस योजना के माध्यम से कंपनी के विभिन्न कार्यालयों और विद्युत गृहों में एक साल का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। पात्र प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण अवधि के दौरान स्टाइपेंड देने की भी व्यवस्था की गई है। इसके तहत 8 हजार रुपये से लेकर 10 हजार रुपये प्रतिमाह तक स्टाइपेंड भी दिया जाएगा।

प्रशिक्षणार्थियों को मिलेगा स्टाइपेंड
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के अंतर्गत युवाओं को जबलपुर स्थित पावर कंपनी मुख्यालय के साथ प्रदेश में स्थित विभिन्न जल एवं ताप विद्युत गृहों में कार्य करते हुए व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित पात्रता के अनुसार अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित प्रशिक्षणार्थियों को उनके द्वारा चयनित कार्यश्रेणी और जिले के अनुरूप कंपनी के विभिन्न विद्युत गृहों एवं कार्यालयों में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होने के एक महीने बाद प्रशिक्षणार्थियों को पात्रता के अनुसार 8 हजार से 10 हजार प्रतिमाह स्टाइपेंड का भुगतान प्रारंभ होगा। प्रशिक्षण की कुल अवधि एक वर्ष निर्धारित है।

ऑनलाइन पोर्टल से आवेदन
जो भी इच्छुक अभ्यर्थी इस योजना का लाभ उठाना चाहता है वो मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के ऑनलाइन पोर्टल https://mmsky.mp.gov.in/Web/Candidate/Registration के माध्यम से आवेदन कर सकता है। योजना में पंजीयन के लिए समग्र आईडी और आधार की ई-केवाईसी आवश्यक है। आवेदन से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए अभ्यर्थी अपने संबंधित जिला स्तरीय आईटीआई से संपर्क कर सकते हैं।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़

टॉप स्टोरीज़