देवभूमि उत्तराखंड को नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। दरअसल विकसित रिन्यूएबल एनर्जी स्टेट असेसमेंट फ्रेमवर्क (RE-SAF) के अंतर्गत उत्तराखंड ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विशेष श्रेणी के राज्यों में दूसरा स्थान हासिल किया है। जिसकी जानकारी सीएम पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर दी है।
उत्तराखंड को बड़ी उपलब्धि
सीएम धामी ने कहा कि, “नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में उत्तराखंड ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर देश में अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है। विकसित रिन्यूएबल एनर्जी स्टेट असेसमेंट फ्रेमवर्क (RE-SAF) के अंतर्गत उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विशेष श्रेणी के राज्यों में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि के लिए समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।”
नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा राज्य
मुख्यमंत्री ने आगे कहा,”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश स्वच्छ ऊर्जा, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। वर्ष 2030 तक 500 गीगावाट गैर-जीवाश्म ऊर्जा क्षमता के लक्ष्य के साथ भारत वैश्विक स्तर पर स्वच्छ ऊर्जा का नेतृत्व करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसी संकल्प को साकार करने के लिए हमारी सरकार भी उत्तराखंड की अपार प्राकृतिक एवं सौर ऊर्जा क्षमता का प्रभावी उपयोग करते हुए निरंतर कार्य कर रही है। हमारा प्रयास है कि विकास की गति भी तेज हो और देवभूमि का प्राकृतिक सौंदर्य एवं पर्यावरण भी सुरक्षित रहे। यह सम्मान हमें स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में और अधिक प्रतिबद्धता और गति के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।”












