छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक बार फिर जनसेवा की मिसाल कायम कर दी है। सीएम विष्णुदेव साय की संवेदनशील पहल से धमतरी जिले के ग्राम देवपुर निवासी 29 वर्षीय शशिकांत भरत को बेहतर इलाज की नई उम्मीद मिली है। बता दें कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को सोशल मीडिया के माध्यम से शशिकांत की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी मिली थी जिस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत संज्ञान लिया और उनसे फोन पर बात कर बातचीत कर हालचाल जाना।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में इलाज
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शशिकांत को 9 सितंबर की शाम अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर में भर्ती कराया। जहाँ विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनके उपचार के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान की है। उनके इलाज
के लिए सीएम ने 4 लाख रुपये की सहायता राशि भी स्वीकृत की है।
साल 2016 में हुए थे हादसे का शिकार
जानकारी के मुताबिक साल 2016 में एक सड़क दुर्घटना के दौरान शशिकांत को गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण वे करीब 50 दिनों तक कोमा में रहे। दुर्घटना में सर्वाइकल की समस्या उत्पन्न होने से उनके हाथ-पांव की कार्यक्षमता प्रभावित हो गई थी। लंबे समय तक विभिन्न अस्पतालों में इलाज करवाया गया। लेकिन बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो पाया था।
शशिकांत को तुरंत मिली चिकित्सकीय सहायता
अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से बातचीत कर शशिकांत को चिकित्सकीय सहायता तुरंत मिली। जिसके बाद शशिकांत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से स्वयं फोन कर हाल-चाल पूछना और एम्स में इलाज के साथ 4 लाख रुपये की सहायता देना उनके और उनके परिवार के लिए बहुत बड़ा संबल है।












