दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत नजफगढ़ को विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। सीएम रेखा गुप्ता ने 25 करोड़ की लागत से 7 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही, 7 अन्य अनधिकृत कॉलोनियों में 33 करोड़ की लागत से 10 विकास परियोजनाएं पहले से ही चल रही हैं।
रोजमर्रा का जीवन होगा और सुविधाजनक
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, “58 करोड़ की ये विकास परियोजनाएं नजफगढ़ की कॉलोनियों में सड़कों को बेहतर बनाएंगी, जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करेंगी और बारिश के मौसम में जलभराव जैसी समस्याओं से राहत दिलाएंगी। बेहतर बुनियादी सुविधाओं से हजारों परिवारों का रोजमर्रा का जीवन और भी सुविधाजनक हो जाएगा।”
”विकसित दिल्ली” का लक्ष्य
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की जनता को सीएम रेखा गुप्ता ने संबोधित भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि ”विकसित दिल्ली” का लक्ष्य तभी हासिल होगा जब विकास सिर्फ चुनिंदा इलाकों तक ही सीमित न रहे बल्कि अनियोजित कालोनियों तक भी पहुंचे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, दिल्ली भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विजय सोलंकी, विधायक नीलम कृष्णा पहलवान, जिला अध्यक्ष मुकेश मिश्रा और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।












