मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बीजेपी राज्य कोर ग्रुप की बैठक में हिस्सा लिया। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की अध्यक्षता में यह बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सह-प्रभारी रेखा वर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान, दोनों उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला, राज्य सरकार के मंत्री और कोर ग्रुप के अन्य सदस्य भी शामिल हुए।
बैठक में क्या चर्चा?
बैठक में एक प्रस्ताव पारित कर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के बारे में की गई अमर्यादित टिप्पणी की कड़ी निंदा की गई। इसके साथ ही राज्यसभा की एक रिक्त सीट के लिए उम्मीदवार के चयन पर चर्चा हुई। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के अंतर्गत, इंदौर (30 अक्टूबर), जबलपुर (31 अक्टूबर) और भोपाल (3 नवंबर) में रैलियां आयोजित करने पर विचार-विमर्श किया गया, जिनमें से प्रत्येक में एक लाख लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसी तरह की रैलियां अन्य जिला मुख्यालयों में भी आयोजित की जाएंगी।
अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श
इसके अलावा बैठक में 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती को बड़े स्तर पर मनाने के संबंध में चर्चा हुई। कोर कमेटी ने राज्य में UCC यानि समान नागरिक संहिता लागू किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। बैठक में ‘स्वामित्व योजना’ के तहत ग्रामीण परिवारों के घरों और भूखंडों के निःशुल्क पंजीकरण अभियान पर चर्चा की गई। इसके साथ ही, अन्य विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ, जिसमें केंद्र सरकार की योजनाओं का राज्य को अधिकतम लाभ दिलाने के लिए सांसदों के साथ समन्वय स्थापित करना शामिल है।












