मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट शेयर की। जिसमें उन्होंने कहा कि, “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर राज्य की गौरवशाली विरासत, समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, जनसामान्य के परिश्रम और विकास यात्रा के प्रति पीएम के आत्मीय भाव हम सभी प्रदेशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।”
सीएम ने जताया आभार
सीएम ने कहा, “मध्यप्रदेश के साथ पीएम मोदी का विशेष जुड़ाव और जन-जन के प्रति अपार स्नेह हम सभी के लिए सदैव अनमोल रहा है। कुशाभाऊ ठाकरे,अटल जी और प्रदेश की महान विभूतियों के योगदान का स्मरण करते हुए आपने मध्यप्रदेश की उस गौरवशाली परंपरा को रेखांकित किया है, जो हमें सेवा, समर्पण और जनकल्याण की प्रेरणा देती है।”
पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही सरकार
“पीएम मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोते हुए विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। गरीब कल्याण, किसान की समृद्धि, सिंचाई, अधोसंरचना, जनजातीय उत्थान, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का विस्तार हमारी विकास यात्रा के प्रमुख संकल्प हैं। ‘विकसित भारत @ 2047’ के विजन के अनुरूप विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए हमारी सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।”












