प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से किसान लाभान्वित हो रहे है। इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले ने एतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से मिल रहे लाभ से इस जिले में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। योजना के तहत 30 जून 2026 की स्थिति में जिले के कुल 40 हजार 850 किसानों में से 33 हजार 59 किसानों का पंजीयन किया जा चुका है, जिनमें से 32 हजार 865 किसान योजना से लाभान्वित हो चुके हैं। इस प्रकार जिले में योजना के क्रियान्वयन की 80 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है।
किस्तों में वित्तीय सहायता
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ उठा रहे किसानों के लिए यह योजना वरदान साबित हो रही है। यह भारत सरकार की एक प्रमुख किसान कल्याणकारी योजना है, जिसके अंतर्गत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की वित्तीय सहायता तीन समान किस्तों में सीधे उनके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जाती है, ताकि किसान कृषि कार्यों और आवश्यक कृषि निवेश में किसानों को राहत मिले।
पात्र किसानों से अपील
जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी पात्र किसानों से अपील की गई है कि जिन्होंने अभी तक योजना में पंजीयन नहीं कराया है अथवा ई-केवाईसी एवं आवश्यक दस्तावेजों का अद्यतन नहीं कराया है, वे जल्द ही संबंधित कृषि विभाग, जनपद पंचायत अथवा लोक सेवा केंद्र के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराएं, ताकि वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभ से वंचित नहीं रहें।











