झारखंड में राज्य सरकार के प्रयासों से अब कैंसर पीड़ितों को अब राज्य में ही बेहतर इलाज उपलब्ध होगा। अब राज्य के कैंसर पीड़ितों को अपने इलाज के लिए दूसरे राज्यों के बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। दरअसल राज्य सरकार ने आधुनिक रेडिएशन सेंटर विकसित करने और सभी मेडिकल कॉलेजों में PPP मोड पर कैंसर डे-केयर यूनिट शुरू करने की योजना तैयार की है।
मरीजों को घर के पास ही बेहतर इलाज
राज्य सरकार का मकसद है कि मरीजों को घर के पास ही सुलभ और स्तरीय इलाज मुहैया हो। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार छह प्रमुख शहरों के लिए यह योजना तैयार की है। इस पहल को जल्द जमीन पर उतारने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। इसी दिशा में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान योजना को लेकर अधिकारियों को तेजी से प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
अत्याधुनिक ‘लीनैक’ मशीनें लगाई जाएंगी
राज्य सरकार की योजना के तहत कैंसर उपचार केंद्रों को दो प्रमुख समूहों में बांटकर विकसित किया जाएगा। पहले क्लस्टर में जमशेदपुर, धनबाद और दुमका को रखा गया है, जबकि दूसरे क्लस्टर में राजधानी रांची, हजारीबाग और पलामू शामिल हैं। इन सभी केंद्रों पर अत्याधुनिक ‘लीनैक’ मशीनें लगाई जाएंगी। इसके अलावा आवश्यक उपकरणों, दवाओं और मानवबल का विस्तृत आकलन कर रिपोर्ट मांगी गई है।












