बिहार में बाढ़ से तबाही का मंजर देखने को मिला। ऐसे में बिहार सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ इस संकट की घड़ी में लगातार खड़ी हुई है। सीएम सम्राट चौधरी ने बाढ़ प्रभावित 8 लाख 27 हजार 472 परिवारों के बैंक खातों में DBT के माध्यम से 579.23 करोड़ रुपए की आनुग्रहिक राहत राशि अंतरित करने की प्रक्रिया शुरू की। बता दें कि प्रत्येक प्रभावित परिवार को 7 हजार रुपए की सहायता दी गई है।
अधिकारियों को सीएम के निर्देश
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र प्रभावित परिवार सरकारी राहत से वंचित न रहे और अगर कोई परिवार सूची से छूट गया है तो उसे एक सप्ताह के अंदर राहत सूची में शामिल किया जाए। सीएम सम्राट चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बाढ़ की चुनौतीपूर्ण स्थिति में राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत, सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराना है। सीएम ने कहा कि हमारी सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है और राहत और बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित
इसके साथ ही सीएम सम्राट चौधरी ने बताया कि राज्य के 15 जिले, 88 प्रखंड, 575 ग्राम पंचायत और 2,642 गांव और 21 शहरों के 136 वार्ड बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इससे करीब 50 लाख लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि लगभग 55 हजार हेक्टेयर भूमि पर बाढ़ का असर पड़ा है। बाढ़ के कारण फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित लोगों तक भोजन पहुंचाने के लिए 1,200 से अधिक सामुदायिक रसोई संचालित की जा रही हैं। साथ ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित क्षेत्रों में भोजन, पेयजल, दवा और अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता लगातार सुनिश्चित की जाए।












