प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से हरियाणा की जनता को बहुत लाभ मिला है। यह योजना आमजन के लिए आर्थिक राहत और ऊर्जा संरक्षण का प्रभावी माध्यम बन रही है। हरियाणा के कैथल जिले में योजना को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। क्योंकि यहाँ अब तक 8 हजार 896 उपभोक्ताओं ने अपने घरों की छतों पर सोलर सिस्टम स्थापित कर इस योजना का लाभ उठाया है। इनमें 1765 अंत्योदय परिवार शामिल हैं।
न्यूनतम ब्याज दरों पर ऋण की सुविधा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की ओर से योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को अलग-अलग किलोवाट क्षमता के
अनुसार सब्सिडी प्रदान की जा रही है। इस योजना से लोगों को बिजली खर्च में राहत मिलने के साथ-साथ स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है। योजना के तहत अगर कोई उपभोक्ता सोलर सिस्टम लगाने के लिए शुरुआत में पैसे नहीं है तो सरकार बैंकों के माध्यम से बिना किसी गारंटी या प्रॉपर्टी के न्यूनतम ब्याज दरों पर ऋण की सुविधा उपलब्ध करवा रही है।
पात्रता और आय वर्ग के अनुसार सब्सिडी
बिजली विभाग के एसई भूपेंद्र सिंह ने बताया कि योजना के तहत पात्रता और आय वर्ग के अनुसार सब्सिडी दी जाती है। अंत्योदय परिवार यानी जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है और वार्षिक बिजली खपत 2,400 यूनिट तक है, उन्हें दो किलोवाट तक का सोलर पैनल लगवाने पर केंद्र सरकार की ओर से 60 हजार रुपये और हरियाणा सरकार की ओर से 50 हजार रुपये दिए जाते हैं यानी कुल 1.10 लाख रुपये का अनुदान मिल सकता है। जिन परिवारों की वार्षिक आय तीन लाख रुपये तक है और बिजली खपत 2,400 यूनिट तक है, उन्हें दो किलोवाट तक के सोलर पैनल पर केंद्र सरकार से 60 हजार रुपये और हरियाणा सरकार से 20 हजार रुपये, यानी कुल 80 हजार रुपये का अनुदान मिल सकता है।
घर बैठे ऐसे करें आवेदन
बता दें कि इस योजना का लाभ लेने के लिए इच्छुक उपभोक्ता प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के आधिकारिक पोर्टल pmsuryaghar.gov.in पर जाकर घर बैठे पंजीकरण कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन में किसी प्रकार की परेशानी होने पर उपभोक्ता अपने नजदीकी उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के उपमंडल अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।












