उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 परीक्षा कल आयोजित होने जा रही है। बता दें कि यह परीक्षा तीन दिन में पूरी होगी। 25 अक्टूबर के बाद 30 अक्टूबर और एक नवंबर को यह परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के लिए प्रदेश के 60 शहरों में 1 हजार 372 केंद्र बनाए गए हैं। यह परीक्षा छह पालियों में आयोजित होगी। परीक्षा के पहले दिन करीब 12 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे।
आयोग ने अभ्यर्थियों को दी सलाह
इस परीक्षा को लेकर आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि निर्धारित समय से दो घंटे पहले केंद्र के मुख्य प्रवेश द्वार पर पहुंच जाएं। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले गेट बंद कर दिए जाएंगे। जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। अभ्यर्थी को प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड ले जाना भी अनिवार्य है।
सजा का भी प्रावधान
बता दें कि अनुचित साधनों का प्रयोग करने के मामलों में आजीवन कारावास और एक करोड़ रुपये तक के जुर्माने का भी प्रावधान किया गया है। इसके अलावा कुछ अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र दूर आवंटित किए जाने की शिकायत की है। आयोग के अनुसार, केंद्रों का निर्धारण अभ्यर्थियों की श्रेणी के आधार पर किया गया है।












