उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथोरागढ़ के गुंजी में आयोजित आदि कैलाश परिक्रमा दौड़ 2.0 में भागीदारी एवं पुरस्कार वितरण समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर सीएम धामी ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया और सभी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर, मई के पहले सप्ताह में ‘100 माइल्स हिमालयन एंड्योरेंस अल्ट्रा रन’ के आयोजन की भी घोषणा की।
साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं साकार
सीएम धामी ने कहा कि, “लगभग 4,500 मीटर की ऊंचाई पर चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बीच देशभर से आए धावकों ने अपने अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और खेल भावना का अद्भुत परिचय दिया। यह आयोजन न सिर्फ हमारी समृद्ध आध्यात्मिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य को नई पहचान दे रहा है, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाओं को भी साकार कर रहा है।”
रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हमारी सरकार सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास और ‘वाइब्रेंट विलेज’ की परिकल्पना को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा संकल्प उत्तराखंड को साहसिक पर्यटन और खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाते हुए स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करना है।”












