रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बेल्जियम के रक्षा एवं विदेश व्यापार मंत्री थियो फ्रांकेन के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने रक्षा और
औद्योगिक सहयोग से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की, पूरे क्षेत्र की समीक्षा की। इस दौरान दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों को और विस्तार देने पर
सहमति जताई।
द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर जोर
द्विपक्षीय बैठक के दौरान दोनों मंत्रियों ने भारत-बेल्जियम के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया। रक्षा सहयोग संवाद, उच्चस्तरीय यात्राओं, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के जरिए द्विपक्षीय संबंधों की मजबूती पर सहमति जताई।
सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा
इस बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा सहयोग की जरूरत पर भी जोर दिया। राजनाथ सिंह और फ्रांकेन ने दोहराया कि भारत और बेल्जियम के बीच साझेदारी साझा मूल्यों, आपसी विश्वास और सम्मान पर आधारित है। यह बैठक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर के बीच यहां हुई बैठक के इतर आयोजित की गई।











