केंद्र की मोदी सरकार ने ‘ऑपरेशन ट्राइडेंट’ के जरिए ड्रग्स के खिलाफ एक और जोरदार प्रहार किया है। दरअसल 23 अक्टूबर को एजेंसियों ने असम, मिजोरम और मणिपुर में 38 जगहों पर एक साथ छापेमारी की और एक अंतरराष्ट्रीय नार्को-कार्टेल (नशीले पदार्थों के गिरोह) को ध्वस्त कर दिया।
17.82 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त
गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया में पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, “इस ऑपरेशन में 100 करोड़ रुपये के हवाला लेनदेन का पता चला, 1,424 बैंक खाते फ्रीज किए गए, 17.82 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई, 500 डेटोनेटर और 12 लाख रुपये नकद बरामद हुए, और 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया।”
अमित शाह ने दी बधाई
अमित शाह ने कहा कि, “यह नेटवर्क ‘डेथ ट्रायंगल कॉरिडोर’ के जरिए भारत, म्यांमार और बांग्लादेश की सीमाओं से नशीले पदार्थों की तस्करी करता था। यह कार्रवाई 31 दिसंबर 2029 तक ड्रग्स के हर नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के भारत के दृढ़ संकल्प को दर्शाती है। भारत तब तक प्रहार करता रहेगा, जब तक कि ड्रग कार्टेल के ताबूत में आखिरी कील नहीं ठोक दी जाती।” अमित शाह ने केंद्रीय एजेंसियों और तीनों राज्यों की पुलिस फोर्स से बनी एंटी-नारकोटिक्स टीम को बधाई दी।












