प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘इंजीनियर्स डे’ पर देश भर के अभियन्ताओं को बधाई दी। इस दौरान पीएम मोदी ने अभियन्ताओं की भूमिका की जमकर सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि, नवाचार को बढ़ावा देने, बुनियादी ढांचा विकसित करने और बेहतर भविष्य के लिए समाधान खोजने में अभियन्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट शेयर किया। जिसमें पीएम मोदी ने कहा, “सभी बेहतरीन अभियंताओं को ‘इंजीनियर्स डे’ की बधाई – वे लोग जो बेहतर कल के लिए निर्माण करते हैं, नवाचार करते हैं और समाधान देते हैं।”
विश्वेश्वरैया के योगदान को किया याद
इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वेश्वरैया को भी याद किया, जिनके अभियांत्रिकी , जनता के लिए बुनियादी ढाचें और राष्ट्र-निर्माण के क्षेत्र में किये गये अग्रणी काम भारतीयों की पीढ़ियों को प्रेरित करते रहते हैं। पीएम मोदी ने कहा, “सर एम. विश्वेश्वरैया को श्रद्धांजलि, जिनकी इंजीनियरिंग की प्रतिभा और राष्ट्र-निर्माण की सोच आज भी प्रेरित करती है।”
15 सितंबर को ‘इंजीनियर्स डे’
बता दें कि भारत में हर साल 15 सितंबर को विश्वेश्वरैया की जयंती के उपलक्ष्य में ‘इंजीनियर्स डे’ मनाया जाता है। उनका जन्म 15 सितंबर 1861 को कर्नाटक में हुआ था। उन्हें भारत के सबसे प्रमुख अभियंताओं में से एक माना जाता है। विश्वेश्वरैया ने सिंचाई, जलापूर्ति, बाढ़ से बचाव और बुनियादी ढाचें के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया और बाद में तत्कालीन मैसूर राज्य के दीवान के रूप में भी काम किया।












