उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रप्रयाग से भैरासी सैन (चमोली) की यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग बाईपास परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन नए पुल और सुरंग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सीएम धामी ने सुविधाओं का जायजा लिया।
सुविधाजनक और सुरक्षित यात्रा
इस परियोजना के पूरा होने पर बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम जाने वाले तीर्थयात्रियों को सुविधाजनक और सुरक्षित यात्रा की सुविधा मिलेगी। साथ ही, रुद्रप्रयाग शहर में यातायात का दबाव कम होगा, जिससे स्थानीय निवासियों को भी काफी राहत मिलेगी। यह मार्ग आपदा और आपातकालीन स्थितियों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सड़क संपर्क को मजबूत करने पर जोर
सीएम धामी ने जानकारी देते हुए बताया कि, बाईपास पर वाहनों की आवाजाही पहले ही ट्रायल के तौर पर शुरू हो चुकी है, और जल्द ही इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। हमारी सरकार राज्य में सड़क संपर्क को मजबूत करने, यात्रा को सुविधाजनक और सुरक्षित बनाने, तथा दूर-दराज के क्षेत्रों तक बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है।












