उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है। उत्तराखंड पर दिए अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए सीएम धामी ने कहा कि, “कांग्रेस की सहयोगी समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव द्वारा उत्तराखंड का अपमान करना कोई नई बात नहीं है। उत्तराखंड के लोग आज भी उस दौर को नहीं भूले हैं, जब उनके पिता मुलायम सिंह यादव के शासनकाल में अलग राज्य की मांग कर रहे आंदोलनकारियों पर गोलियां चलाई गई थीं।”
हमारी सैन्य परंपराओं का भी अपमान
सीएम धामी ने कहा कि, “जिनके शासनकाल में उत्तराखंड के आंदोलनकारियों पर गोलियां चली थीं, वे आज उत्तराखंड के लोगों को ही ‘घुसपैठिये’ कह रहे हैं। यह न केवल इस ‘देवभूमि’ की पहचान, स्वाभिमान और संघर्षों का अपमान है, बल्कि देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों और हमारी सैन्य परंपराओं का भी अपमान है।”
अखिलेश यादव सार्वजनिक रूप से माफी मांगे
मुख्यमंत्री ने कहा, “अखिलेश यादव को अपने इस अपमानजनक बयान के लिए उत्तराखंड की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उत्तराखंड के स्वाभिमानी लोग इस अपमान को कभी स्वीकार नहीं करेंगे। समाजवादी पार्टी की सहयोगी कांग्रेस को वर्ष 2027 में राज्य की जनता की ओर से एक करारा लोकतांत्रिक जवाब मिलेगा।”












