कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के बारे में कथित अभद्र टिप्पणी की। जिसके बाद से राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का सिलसिला शुरू हो गया है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बयान की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि, “कांग्रेस की राजनीति अब जनहित के मुद्दों से भटककर, व्यक्तिगत अपमान और मर्यादा के उल्लंघन तक सिमट गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के बारे में की गई कथित अभद्र टिप्पणी, कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति पर गंभीर सवाल खड़े करती है।”
अभद्र टिप्पणियों के सहारे कांग्रेस की राजनीति
सीएम धामी ने पोस्ट शेयर कर कहा कि, “कभी प्रधानमंत्री मोदी की पूजनीय माता का अपमान करना, कभी उन्हें ‘मौत का सौदागर’ कहना, तो कभी उनके साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि का मज़ाक उड़ाते हुए उन्हें ‘चायवाला’ कहना, कांग्रेस की राजनीति कब तक व्यक्तिगत अपमान और अभद्र टिप्पणियों के सहारे चलती रहेगी?”
व्यक्तिगत हमलों को बनाया राजनीति का आधार
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि, “लगातार चुनावी हार के बावजूद, जनहित के मुद्दों पर आत्ममंथन करने के बजाय, कांग्रेस ने व्यक्तिगत हमलों को ही अपनी राजनीति का आधार बना लिया है। लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध की गुंजाइश तो होती है, लेकिन किसी के माता-पिता और परिवार को निशाना बनाना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता।”












