प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को वाराणसी दौरे पर रहे। इस दौरान पीएम मोदी ने अरविंद लिमिटेड की नई गारमेंट निर्माण इकाई का उद्घाटन किया। इससे काशी की विकास यात्रा में औद्योगिक प्रगति का एक नया अध्याय जुड़ गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मौजूद रहीं।
महिला कर्मचारियों से पीएम का संवाद
उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वहां प्रशिक्षण ले रही करीब 300 महिला कर्मचारियों से संवाद भी किया। बता दें कि लगभग 100 से 150 करोड़ रुपये की लागत से इस अत्याधुनिक प्लांट का निर्माण किया गया है। जिससे 1,000 से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा इसमें टी-शर्ट, शॉर्ट्स, लोअर और अन्य परिधान तैयार किए जाएंगे, जिन्हें वैश्विक बाजारों तक पहुंचाया जाएगा
औद्योगिक विकास को नई गति
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, “काशी की पावन भूमि पर औद्योगिक विकास को नई गति मिली है, महिला सशक्तिकरण को नई ऊर्जा प्राप्त हुई है, और श्रम शक्ति को नई संभावनाओं के साथ सशक्त किया गया है। यह पहल रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी, श्रमिकों को सम्मानजनक आजीविका प्रदान करेगी और हमारी माताओं-बहनों के जीवन में समृद्धि लाएगी।”












