वाराणसी के नमो घाट पर भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर भव्य एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मौजूद रहे। इस अवसर पर वायु सेना के शौर्य, कौशल और आधुनिक क्षमताओं का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।
हवाई करतब बने आकर्षण का केंद्र
गंगा की लहरों के ऊपर भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों की गर्जना गूंजी। इस‘विंग्स ओवर गंगा’ हवाई प्रदर्शन में वायुसेना के राफेल, सुखोई और तेजस जैसे लड़ाकू विमानों ने हवाई करतबों से सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। भारतीय वायुसेना के विमानों और हेलीकॉप्टरों ने आसमान में अपनी उड़ान क्षमता, सटीक नियंत्रण और पायलटों के असाधारण कौशल का प्रदर्शन किया।
ताकत और पेशेवर दक्षता की झलक
आसमान में विमानों की गर्जना और उनकी कलाबाजियों ने भारतीय वायुसेना की ताकत और पेशेवर दक्षता की झलक पेश की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘विंग्स ओवर गंगा’ को भारतीय वायुसेना के शौर्य और शक्ति का उत्सव बताया। इसके साथ ही वाराणसी को सशक्त, आत्मनिर्भर और नए भारत की उभरती ताकत का प्रतीक भी बताया। वहीं सीएम योगी ने कहा कि, “ये हमारे वायु वीरों के राष्ट्र की सुरक्षा और संप्रभुता के सजग प्रहरी हैं।”












