बिहार खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की ओर से कई पदों पर भर्ती निकाली गई है। इस भर्ती के तहत लेखपाल, सहायक प्रबंधक, सहायक लेखा पदाधिकारी सहित कई पद शामिल हैं। इसके लिए भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आवेदन करने वाले उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट https://state.bihar.gov.in/ के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन की अंतिम तारीख और पात्रता
बता दें कि इस भर्ती के तहत विभिन्न पदों पर आवेदन करने की लास्ट डेट 24 सितंबर, 2026 निर्धारित की गई है। इसके अलावा, उम्मीदवारों को 26 सितंबर से लेकर 29 सितंबर के बीच फॉर्म में सुधार करने का अवसर दिया जाएगा। वहीं आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों ने भारत के किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से स्नातक पूरा किया हो।
कुल 259 उम्मीदवारों का चयन
इस भर्ती के तहत कुल 259 उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। इसमें सहायक प्रबंधक के कुल 81 पद आरक्षित हैं, सहायक लेखा पदाधिकारी के कुल 06 पद, लेखपाल के कुल 11 पद, गुणवत्ता नियंत्रक के कुल 38 पद और निम्नवर्गीय लिपिक के कुल 123 पद आरक्षित किए गए हैं।
आयु-सीमा की गई निर्धारित
वहीं भर्ती के लिए आयु की सीमा भी निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को आयु-सीमा में छूट दी जाएगी। अनारक्षित पुरुष उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 37 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं पिछड़ा वर्ग और अनारक्षित महिला उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 40 वर्ष और एससी और एसटी उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 42 वर्ष निर्धारित है। बता दें कि आयु की गणना 01 जनवरी, 2026 के आधार पर की जाएगी।












