दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली वासियों को बड़ी सौगात दी है। सीएम रेखा गुप्ता ने दक्षिणी दिल्ली के तेहखंड डिपो में चार-लेन स्वचालित परीक्षण स्टेशन (ATS) का उद्घाटन किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 50 ईवी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशनों का भी उद्घाटन किया गया।
नई ईवी बसों का उद्घाटन
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि “जिस ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन की आधारशिला नवंबर में रखी गई थी, आज उसका उद्घाटन किया गया है। इतने कम समय में इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट की पूरी टीम और इससे जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई। यहाँ हर साल लगभग 72,000 गाड़ियों की फिटनेस टेस्टिंग की सुविधा उपलब्ध होगी।”
मज़बूत पब्लिक ट्रांसपोर्ट नेटवर्क
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि “इसके साथ ही 50 नई इलेक्ट्रिक बसें, दिल्ली-रेवाड़ी इंटर-स्टेट ई-बस सर्विस और हसनपुर और गाजीपुर डिपो में दो नए पब्लिक EV चार्जिंग स्टेशन दिल्ली की जनता को समर्पित किए गए। दिल्ली, 5,088 बसों के देश के सबसे बड़े EV बस बेड़े के साथ भारत की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी यात्रा में सबसे आगे है। इन 50 और ई-बसों और नई दिल्ली-रेवाड़ी सर्विस के शुरू होने से यात्रियों को साफ़-सुथरी यात्रा, बेहतर कनेक्टिविटी और मज़बूत पब्लिक ट्रांसपोर्ट नेटवर्क मिलेगा।”
दिल्ली सरकार का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार का संकल्प है कि लोगों के लिए दिल्ली का पब्लिक ट्रांसपोर्ट सुविधाजनक, सुरक्षित और सुलभ हो। इस मौके पर सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, कैबिनेट सहयोगी डॉ. पंकज कुमार सिंह और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।












