बिहार के सीएम सम्राट चौधरी की उद्यमियों को बड़ी सौगात, 7 हजार से ज्यादा लाभार्थियों के खातों में पहुंची राशि

पटना में मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत चयनित लाभार्थियों के एक दिवसीय उन्मुखीकरण एवं प्रथम किस्त वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

पटना में मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत चयनित लाभार्थियों के एक दिवसीय उन्मुखीकरण एवं प्रथम किस्त वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राटचौधरी ने शिरकत की। इस कार्यक्रम के दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में चयनित लाभार्थियों को सांकेतिक चेक प्रदान किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के प्रथम, द्वितीय और तृतीय किस्त के 7 हजार से ज्यादा लाभुकों के बैंक खातों में राशि हस्तांतरित की गई।

बिहार सरकार का लक्ष्य
सीएम सम्राट चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित भी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि, बिहार के एक करोड़ परिवारों को उद्यमिता और आर्थिक स्वावलंबन से जोड़कर उद्यमी परिवार बनाना राज्य सरकार का लक्ष्य है। सीएम ने बताया कि अगले पांच वर्षों में उद्योग, रोजगार, शिक्षा, आधारभूत संरचना और ऊर्जा के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर काम किया जाएगा।

MSME केंद्रों का किया उद्घाटन
वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के सभी जिलों में स्थापित MSME केंद्रों का उद्घाटन भी किया। इसके साथ ही सीएम ने बिहार एमएसएमई नीति-2026, मुख्यमंत्री सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग क्लस्टर विकास योजना-2026 और सूक्ष्म एवं लघु उद्यम सुविधा परिषद नियामावली-2026 पर आधारित पुस्तिका का विमोचन किया। जिसे लेकर सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत MSME क्षेत्र में 45 हजार उद्यमी तैयार किए जा रहे हैं। इस योजना पर राज्य सरकार 3,500 करोड़ रुपए खर्च कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एमएसएमई क्षेत्र के लिए 10 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। इसमें कम से कम दसवां हिस्सा बिहार को मिलने की संभावना है। इससे राज्य के छोटे और मध्यम उद्यमों को नई गति मिलेगी।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़

टॉप स्टोरीज़