प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 अक्टूबर यानि कल उत्तर प्रदेश और ओडिशा का दौरा करेंगे। बता दें कि सबसे पहले प्रधानमंत्री वाराणसी पहुंचेंगे। जहां सुबह करीब 11 बजे अरविंद लिमिटेड की नई परिधान निर्माण सुविधा का उद्घाटन किया जीएगा। यह सुविधा भारत के कपड़ा और परिधान निर्माण ईको सिस्टम को मजबूत करने और क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
नमो घाट पर देखेंगे हवाई प्रदर्शन
वहीं दोपहर को पीएम मोदी वाराणसी के नमो घाट पर वायु सेना दिवस हवाई प्रदर्शन-2026 देखेंगे। इस हवाई प्रदर्शन में तेजस, लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर (एलसीएच) प्रचंड, एसयू-30एमकेआई और राफेल सहित विमान परिवहन विमान अपना करतब दिखाएंगे। भारतीय नौसेना और भारतीय सेना के विमान भी अभियानों में संयुक्तता का प्रदर्शन करते हुए भाग लेंगे। इस आयोजन में भारतीय वायु सेना की प्रमुख प्रदर्शन टीमों में सूर्य किरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम भी शामिल होगी।
ओडिशा का दौरा भी करेंगे पीएम
इसके बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओडिशा की यात्रा पर रवाना होंगे। जहां पीएम मोदी भुवनेश्वर में भारतीय रिजर्व बैंक के डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर पीएम जनसभा को भी संबोधित करेंगे।












