दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव में शिरकत की। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 गौरवपूर्ण वर्षों और ‘नादप्रभु केम्पेगौड़ा फाउंडेशन’ की स्थापना की 10वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था।
सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत
इस अवसर पर सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, “‘वंदे मातरम’ हमारी राष्ट्रीय चेतना, आत्म-सम्मान और एकता की अमर आवाज़ है। वहीं, बेंगलुरु के संस्थापक नादप्रभु केम्पेगौड़ा का दूरदर्शी नेतृत्व, सुशासन और जन-कल्याण के प्रति उनका समर्पण, आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।”
विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा, “यह आयोजन देशभक्ति की भावना और जन-कल्याण की परंपरा का एक सुंदर संगम है, जो हमें हमारी गौरवशाली विरासत से जोड़ते हुए एक विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करता है।” सीएम रेखा गुप्ता ने इस भव्य आयोजन के लिए सभी आयोजकों को बधाई दी। इस अवसर पर विधायक अनिल शर्मा, पूज्य श्री श्री निर्मलानंदनाथ महास्वामी, पूज्य श्री श्री डॉ. नंजावधूत स्वामीजी, पूज्य श्री श्री निश्चलानंदनाथ स्वामी, पूज्य श्री श्री वासुमूर्ति मदार चेन्नैया स्वामी मौजूद रहे।












