दिल्ली में छठ महापर्व की तैयारियां जोरों पर चल रही है। ऐसे में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी तैयारियों का जायजा लिया है। सीएम रेखा गुप्ता ने सूर घाट पर छठ महापर्व की तैयारियों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सीएम के अधिकारियों को निर्देश
सीएम रेखा गुप्ता ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को भी जरूरी दिशा-निर्देश दिए। घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए गए। सीएम ने अधिकारियों को कहा कि हर व्यवस्था को पुख्ता किया जाए ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न पड़े।
छठ महापर्व की तैयारियों में जुटी सरकार
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, “आस्था का महापर्व ‘छठ’, हमारे पूर्वांचल के लाखों परिवारों की श्रद्धा, भावनाओं और सांस्कृतिक परंपराओं का उत्सव है। यह हमारी जिम्मेदारी है कि दिल्ली में बसे पूर्वांचल के परिवारों को इस महापर्व के दौरान अपने गांवों, परंपराओं और अपनों से जुड़ाव का वही अहसास हो। हर श्रद्धालु की आस्था का सम्मान करने और हर परिवार की सुविधा सुनिश्चित करने की भावना के साथ, हमारी सरकार छठ महापर्व की तैयारियों में जुटी है।”












