उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ में 284 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 67 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। साथ ही, इस क्षेत्र के विकास और जन-सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी कई अन्य घोषणाएं भी की गईं। बता दें कि ये परियोजनाएं सीमावर्ती जिले में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने, कनेक्टिविटी में सुधार लाने और स्थानीय नागरिकों का जीवन आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
रोजगार और स्वरोजगार के मिलेंगे अवसर
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में, हमारी सरकार सीमावर्ती क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। आज पिथौरागढ़ में सड़क और हवाई संपर्क का लगातार विस्तार हो रहा है, वहीं पर्यटन के क्षेत्र में नई संभावनाओं के माध्यम से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी सृजित किए जा रहे हैं।”
हर नागरिक को मिलेगी बेहतर सुविधा
मुख्यमंत्री ने कहा कि, “हमारा संकल्प है कि विकास की किरण सीमावर्ती क्षेत्रों के सुदूर कोनों तक पहुंचे और हर नागरिक को बेहतर सुविधाओं और अवसरों का लाभ मिले।” इस अवसर पर, सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी, जिला प्रभारी निर्मल मेहरा भी मौजूद रहे।












