कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के बारे में कथित अभद्र टिप्पणी के मामले पर राजनीतिक वार-पलटवार का दौर जारी है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने टिप्पणी की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि, “मल्लिकार्जुन खड़गे की ऐसी अभद्र भाषा कांग्रेस पार्टी के नैतिक और वैचारिक पतन की पराकाष्ठा है।”
कांग्रेस पर साधा निशाना
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, “कांग्रेस पार्टी की समस्या सिर्फ मोदी जी से नहीं है। उसकी असली समस्या उस आम भारतीय से है, जिसने परिवारवाद की नींव हिला दी और एक साधारण परिवार के बेटे को देश का प्रधानमंत्री बना दिया। यही वह सच्चाई है जिसे कांग्रेस के दरबारी आज तक अपने अहंकार के कारण स्वीकार नहीं कर पाए हैं।”
अभद्र टिप्पणी करना वैचारिक दरिद्रता
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि “मल्लिकार्जुन खड़गे देश का आम नागरिक अपने वोट की ताकत और अपने भविष्य को अच्छी तरह जानता है। उसे पूरा भरोसा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, भारत एक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री के परिवार के बारे में अभद्र टिप्पणी करना राजनीतिक साहस नहीं, बल्कि वैचारिक दरिद्रता है।”












