मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रवींद्र भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने बड़ी घोषणा की। सीएम ने कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग में लगभग 20 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंनेमध्य प्रदेश में 200 सांदीपनि विद्यालय और जनजातीय क्षेत्रों में लगभग 200 स्कूल खोले जाने की घोषणा भी की।
38 हजार करोड़ रुपये बजट
बता दें कि मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने 950 लोगों को अनुकंपा नियुक्ति पत्र दिए। जिसके बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बड़ी घोषणाएं की। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि साल 2003 से पहले स्कूल शिक्षा विभाग का कुल बजट 400 करोड़ रुपये था। लेकिन अब इस बजट को बढ़ाकर लगभग 38 हजार करोड़ रुपये कर दिया गया है।
20 हजार पदों पर होगी भर्ती
सीएम मोहन यादव ने आगे कहा कि राज्य में जल्द ही स्कूल शिक्षा विभाग में लगभग 20 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती की जाएगी। हालांकि इन पदों पर भर्ती कब होगी, कौन आवेदन करने के पात्र होंगे और चयन का स्वरूप क्या होगा इससे संबंधित जानकारी बहुत जल्द ही ऑफिशियल नोटिफिकेशन के जरिये दी जाएगी।












